शिक्षिकाओं की शिकायत करने पहुंची महिला।
- फोटो : अमर उजाला
बेटियों की पिटाई की शिकायत लेकर स्कूल में गई छात्राओं की मां की शिक्षिकाओं ने कमरे में बंद कर जमकर पिटाई की। नईमंडी पुलिस ने घायल का उपचार करा कर तहरीर के आधार पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। उधर, शिक्षिकाओं ने उसके खिलाफ तहरीर देकर सरकारी कार्य में बाधा डालने, रजिस्टर फाड़ने और मारपीट करने का आरोप लगाया है।
नईमंडी के ग्राम अलमासपुर निवासी गुलशाना पत्नी यूनुस की पुत्री शाईस्ता (7) और महक (8) गांव के ही परिषदीय विद्यालय में पढ़ती हैं। गुलशाना ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि स्कूल में दो शिक्षिकाओं ने उसकी बेटियां की बिना कारण पिटाई की, जिसकी शिकायत बच्चों ने घर आकर की। गुलशाना बुधवार को बच्चों की शिकायत लेकर स्कूल पहुंची थी।
आरोप है कि स्कूल की शिक्षिकाओं ने स्कूल का गेट बंद कर लिया और गुलशाना के साथ जमकर मारपीट कर उसे लहूलुहान कर दिया। उसके कुंडल भी छीन लिए। पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया। नई मंडी कोतवाल कुशलपाल सिंह ने बताया कि दो शिक्षिकाओं समेत तीन के खिलाफ तहरीर दी गई है। शिक्षिकाओं की ओर से भी तहरीर आई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।