मोरना के गांव गादला में होली के अवसर पर लगने वाले मेले में आयोजित तीन दिवसीय दंगल का समापन हो गया। दंगल में क्षेत्र व दूरदराज से आए पहलवानों ने कुश्ती के दांव पेंच दिखा कर दर्शकों की वाहवाही लूटी। विजेता पहलवानों को ट्राफी तथा नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
भोपा क्षेत्र के गांव गादला में प्रत्येक वर्ष होली के पर्व पर लगने वाले मेले में दंगल का आयोजन किया जाता है जिसमें क्षेत्र व दूरदराज से पहलवान अपना दमखम दिखाते हैं। प्राचीन भारतीय खेल का प्रदर्शन अपनी ताकत व चतुराई के द्वारा करते हैं। शुक्रवार को दंगल के अंतिम दिन कई रोचक मुकाबले हुए।
जिसमें शाहनजर कूकड़ा ने जीवन मेरठ को, कुलदीप हरियाणा ने बलधारी कास्सोपुर को, शानू कूकड़ा ने बादल गाजियाबाद को, सुमित हरियाणा ने सोनू हरिद्वार को, हुसैन लंढ़ौरा ने नदीम पिमोड़ा को, भूरा पुरकाजी ने राजू लोनी को, अर्जुन भोकरहेड़ी ने रितिक पचैंडा को, निर्दोष ने जीवन मेरठ को, गौरव मंसूरपुर ने मौसम अली सोनीपत को, सुधीर पुरकाजी ने जोगिंदर मेरठ को, जुबैर पचैंडा ने परवेज खेड़ी को, शास्त्री हरिद्वार ने सचिन नायक को चित किया।
मुख्य मुकाबले में बाबा रामदेव अखाड़ा हरिद्वार के पहलवान शास्त्री ने शाहनजर कूकड़ा को हराकर ट्राफी और 5100 रुपये का नगद इनाम जीता। दूसरे स्थान पर रहे शाहनजर को 2100 रुपये व तीसरे स्थान पर रहे पहलवान निर्दोष को 1100 रुपये देकर सम्मानित किया गया। रेफरी मुर्तजा, आनंद, हाशिम रहे। कमेंट्री हेमराज कुमार ने की। प्रधान अशोक कुमार, पूर्व प्रधान घनश्याम सिंह, अब्दुर्रहमान, ऋषिपाल नायक, अमित नायक, बिजेंद्र, मुंशी प्रेमचंद, पाल्लू, कोकीन, सोनू आदि का सहयोग रहा।