हवा फिर बिगड़ी, एक्यूआई 340 हुआ
मुजफ्फरनगर। पांच दिनों से सर्दी का सितम कम नहीं हो रहा है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से जिले का तापमान लगातार कम हो रहा है। अधिकतम तापमान भी कम होकर 21.5 डिग्री सेल्सियस रह गया, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है। मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहे, जिससे बरसात होने का अनुमान है।
बादलों से दिन में सूरज नहीं निकलने से ठंड लगातार बनी रही। बादल के कारण वायु प्रदूषण फिर बिगड़ गया है। एयर क्वालिटी इंडेक्स बढ़ कर 340 पहुंच गया है, जो बहुत खराब स्थिति में है। ऐसे में श्वांस रोगियों को परेशानी हो सकती है।
सर्दी बढ़ जाने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। गत दिवस जिले का तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस हो गया था। मंगलवार को न्यूनतम तापमान बढ़ कर 6.6 हुआ, मगर अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे गिरा। दूसरे बादल छाए रहने के कारण भी सर्दी से नागरिकों को राहत नहीं मिल सकी। सर्दी बढ़ने के बावजूद प्रशासन की ओर से अभी तक सभी स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था नहीं कराई गई है।