किसानों का शोषण नहीं होने देंगे : डॉ. बालियान
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। भूमि विकास बैंक के विजयी प्रतिनिधियों के स्वागत समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि भाजपा के सभी विजयी बैंक प्रतिनिधि किसानों के हित में कार्य करेंगे। किसानों का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। अब बैंक में दलाली नही चलेगी।
नदी वाला मंदिर स्थित एक बेंक्वेट हॉल में भाजपा के जनपद के सभी भूमि विकास बैंक के विजयी प्रतिनिधियों का स्वागत समारोह कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान ने विजयी प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विजयी प्रतिनिधि अपने-अपने बैंकों में ईमानदारी से किसानों के हित में कार्य करेंगे। बैंक से ऋण लेने में किसानों का शोषण नहीं होगा।
विधायक उमेश मलिक ने कहा कि जनपद में हमने सभी बैंक प्रतिनिधियों के चुनाव में सफलता प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि डॉ. संजीव बालियान के सहयोग से जनपद में विकास कार्यों की लहर आ गई। नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन जितेंद्र त्यागी ने कहा कि भूमि विकास बैंक का नाम भूमि विनाश बैंक पड़ गया था। बैंक के दलालों ने किसानों को लूट कर रख दिया। दलाल व अधिकारियों ने किसानों की जमीन तक बिकवा दी। भाजपा के शासन काल में किसानों को ऋण लेने में दलाली व कमीशनबाजी नही चलेगी। दलालों को बैंक में नहीं घुसने दिया जाएगा। बुढ़ाना के विजयी प्रतिनिधि विनोद सैनी ने मंत्री, विधायक, प्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं का हार्दिक धन्यवाद किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक अशोक कंसल, यशपाल पंवार, विधायक विक्रम सैनी, जिला पंचायत सदस्य अवनीश चौधरी, ठा. रामनाथ सिंह व भाजपा नेता राजेश संगल सहित कई नेताओं ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन भाजपा के जिला उपाध्यक्ष विनीत कात्यान ने किया।
बुढ़ाना में विजयी बैंक प्रतिनिधियों के स्वागत समारोह में मौजूद ग्रामीण।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
बुढ़ाना में विजयी बैंक प्रतिनिधियों के स्वागत समारोह में मौजूद मंत्री व विधायक।- फोटो : MUZAFFARNAGAR