भाजपा के प्रशांत गुर्जर ने पूर्व विधायक हेमलता का कराया नामांकन
ऐहतियातन पंकज मलिक, अनिल कुमार, चंदन चौहान ने भी कराए अपनी पत्नी के नामांकन
फोटो संख्या-एक की सीरीज
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच शुरू हो गई है। जिले के कई प्रत्याशियों ने खुद के नामांकन के साथ निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर अपनी पत्नी का नामांकन भी दाखिल कराया है। नामांकन पत्र में अगर किसी कमी की वजह से कोई समस्या बनती है तो एन वक्त पर पत्नी को भी चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है।
चरथावल से सपा के प्रत्याशी पंकज मलिक ने खुद भी तीन सैट में नामांकन पत्र दाखिल किया है। साथ ही अपनी पत्नी पायल मलिक कराया है। मीरापुर से गठबंधन के प्रत्याशी चंदन चौहान ने अपनी पत्नी यशिका चौहान का डमी प्रत्याशी के तौर पर नामांकन कराया है। चंदन के भी नामांकन के तीन सैट दाखिल किए हैं।
मीरापुर से भाजपा के प्रत्याशी पूर्व एमएलसी प्रशांत गुर्जर ने अपनी पत्नी बागपत की पूर्व विधायक हेमलता चौधरी का भी नामांकन कराया है। प्रशांत ने अपने तीन नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। पुरकाजी सुरक्षित सीट से रालोद-सपा गठबंधन के प्रत्याशी अनिल कुमार ने अपने चार सैट नामांकन पत्र के दाखिल किए हैं। एहतियात के तौर पर अपनी पत्नी बीरमति का नामांकन भी कराया है।
बेटों का भी लिया गया सहारा
बुढ़ाना से रालोद-सपा के प्रत्याशी राजपाल बालियान ने अपने साथ बेटे अनु कुमार का भी नामांकन दाखिल कराया है। खतौली से प्रत्याशी राजपाल सैनी ने भी अपने बेटे शिवान सैनी का नामांकन भी डमी प्रत्याशी के तौर पर कराया है।
यासमीन ने पति को बनाया डमी
कांग्रेस की चरथावल से प्रत्याशी यासमीन राना ने अपने पति अरशद राना को डमी प्रत्याशी के तौर पर नामांकन कराया है।
चार-चार नामांकन दाखिल कर बढ़ाई संख्या
मुख्य प्रत्याशियों ने चार-चार नामांकन दाखिल कर दिए हैं, जिससे प्रत्येक विधानसभा में प्रत्याशियों की संख्या बढ़ गई है। हालांकि नाम वापसी के बाद संख्या कम होने की संभावना है।