संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। पत्नी से परेशान होकर एक पति ने डीएम कार्यालय पर पहुंच कर इच्छा मृत्यु की मांग की। युवक ने पत्नी से अपनी जान का खतरा जताया। उसका कहना है कि उसकी पत्नी किसी और से प्रेम करती है। उसे पकड़ कर नई मंडी कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया।
नई मंडी कोतवाली के गांधी नगर निवासी सुमित सैनी इच्छा मृत्यु की मांग करते हुए एक बैनर लेकर डीएम कार्यालय पर पहुंचा। उसका कहना कि उसकी ससुराल कूकड़ा में है। उसकी शादी को एक साल हुआ है। उसकी पत्नी उसे जान से मरवाने की धमकी देती है और मारपीट करती है। उसका कहना है कि वह उसे पसंद नहीं करती। उसकी शादी जबरदस्ती कराई है। वह किसी और से प्रेम करती है।
पीड़ित ने कहा कि पत्नी कमाई का सब पैसा मांगती है। परिजनों ने उसे बेदखल कर दिया है। उसने परिजनों से मिले आठ लाख रुपये में से तीन लाख रुपये पत्नी को दिए थे।
वह मायके चली गई। उसके पैसे से भाई की शादी के लिए मकान बना रही है। एक लाख रुपये की मांग करते हुए उसके परिजनों को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। लेने जाने पर भी वह नहीं आई। उसने उसे मरवाने की कोशिश भी की।
उसने अपनी पत्नी को लाने के लिए कोर्ट में दावा भी किया। पत्नी ने उस पर नामर्द होने का भी आरोप लगाया। उसने इसका डॉक्टरी मुआयना भी कराया है। पीड़ित ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु की मांग की। युवक को पकड़ कर नई मंडी कोतवाली पुलिस को सौंपा है। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने कहा कि युवक से मामले की जानकारी की जा रही है।