मुजफ्फरनगर में दूध की डेयरी चलाने वाले अरबाज और उसकी प्रेमिका चाहत के बीच सात महीने से जान पहचान थी। पहले प्यार, फिर निकाह हुआ। तीन तलाक तक बात पहुंची। विवाद बढ़ा तो आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर बीवी के टुकड़े कर दिए।
पुलिस का कहना है कि आरोपी अरबाज न्याजूपुरा में दूध की डेयरी चलाता था। यहीं पर चाहत दूध लेने आती थी। ताबीज बनाने वाले एक व्यक्ति ने दोनों की मुलाकात कराई। दोनों मोबाइल पर बात करने लगे और कई महीने तक प्रेम प्रसंग चलने के बाद दोनों ने चुपके से निकाह कर लिया था और परिजनों से अलग रहने लगे। कई जगह कमरे भी बदले।
आरोपी का कहना है कि बीवी खर्च के लिए परेशान करती थी, उसके चरित्र पर भी सवाल उठाए। रोजाना किसी न किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद रहने लगा तो आरोपी ने चाहत को तीन तलाक भी दे दिया था। लेकिन बीवी ने कहीं भी जाने से इन्कार कर दिया था। इसके बाद आरोपी ने साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
न्याजूपुरा में कैसे पहुंची कोटद्वार की चाहत
सबसे बड़ा सवाल यह है कि मृतका चाहत कौन है। न्याजूपुरा में वह कहां से आकर रह रही थी। उसके परिवार के लोग कहां है। खुलासे के बाद पुलिस ने किराए के मकान की तलाशी ली, लेकिन चाहत के विषय में अधिक जानकारी नहीं मिल सकी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि मृतका ने खुद को कोटद्वार की रहने वाली बताया था, लेकिन परिजनों व घर के पते के बारे में नहीं बताया ।
पुलिस को आरोपी के कमरे से मृतका के बारे में फोटो, जानकारी या आइडी आदि कोई भी कागजात नहीं मिले हैं। सवाल है कि वह न्याजूपुरा कैसे पहुंची। अरबाज से पहचान से पहले कहां रह रही थी। जिस तरह उसकी पहचान छिपाने की कोशिश की गई है, उससे भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। यह भी चर्चा फैल गई कि आरोपी प्रेम-प्रसंग में उसे भगाकर लाया था और इसके बाद निकाह किया। पुलिस भी चाहत के विषय में जानकारी जुटा रही है।
इस तरह अंजाम दी गई हत्या की वारदात
आरोपियों ने एक सप्ताह पहले जोगियो वाली गली न्याजूपुरा निवासी शाहरुख के साथ किराए के कमरे में ही तेज धारदार वाले छुरे से गर्दन काट कर अलग कर दी। हाथ के पंजे काट डाले। गर्दन व पंजों को शाहरुख कहीं फेंक आया। शव को बोरे में भर कर दोनों ने काली नदी में फेंक दिया। सात दिन बाद भी धड़ जलकुंभी में अटका था।
पुलिस कर रही जांच : एसएसपी
एसएसपी अभिषेक सिंह का कहना है कि आरोपी को पकड़ लिया गया है। उसके साथी की तलाश की जा रही है। युवती मुस्लिम है या हिंदू अभी तक ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया है। इसकी जांच कराई जाएगी।