मुजफ्फरनगर। गांव अलमासपुर चौराहे पर नाले में मिले युवक के शव के मामले में मृतक के पिता ने पुत्रवधू, उसके प्रेमी और मायके वालों पर उसके पुत्र की हत्या करने का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी है।
नई मंडी क्षेत्र के गांव अलमासपुर चौराहे पर 19 नवंबर को एटूजेड रोड पर नाले में एक युवक का शव पड़ा मिला था। उसकी पहचान गांव सहावली निवासी सोनू के रुप में हुई थी। मृतक सोनू के पिता शीशपाल ने नई मंडी थाने पर दी गई तहरीर में बताया कि सोनू की शादी गांव सेनपुर हाल बिलासुपर निवासी राधा के साथ एक अप्रैल 2014 को हुई थी। आरोप है कि राधा के सहावली निवासी एक युवक से अनैनिक संबंध हो गए थे और राधा अपने मायके में जाकर रहने लगी थी। आरोप है कि राधा ने अपने प्रेमी व अपने मायके वालों के साथ मिलकर 23 जून 2019 को सोनू पर जानलेवा हमला किया। उसका पुत्र उक्त लोगों से डरकर पानीपत में जाकर रहने लगा। पीड़ित ने बताया कि राधा और सोनू के बीच परिवार न्यायालय में तलाक का मुकदमा चल रहा था। उक्त मुकदमे में 19 नवंबर की तारीख लगी थी। पीड़ित ने बताया कि सोनू ने उसे फोन पर कहा था कि वह पानीपत से सीधे कचहरी पहुंचेगा, लेकिन जब सोनू दोपहर 2 बजे तक भी कचहरी नहीं पहुंचा तो वह कचहरी से वापस लौट आया। तब उसे पता चला कि अलमासपुर चौराहे पर नाले में सोनू की लाश पड़ी मिली है। एसएसपी के आदेश पर नई मंडी पुलिस ने इसकी जांच पड़ताल शुरू कर दी है।