बुढ़ाना कोतवाली में चौकीदारों के साथ मीटिंग करते इंस्पेक्टर।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखेंगे चौकीदार
बुढ़ाना। चौकीदारों के साथ मीटिंग में इंस्पेक्टर कुशलपाल सिंह ने कहा कि गांव की प्रत्येक आपराधिक गतिविधियों पर चौकीदार की नजर होनी चाहिए। अवैध शराब की बिक्री व सट्टा आदि की सूचना तुरंत दें। अंजान आदमी पर नजर रखें।
इंस्पेक्टर कुशलपाल सिंह ने सोमवार को क्षेत्र के सभी 44 चौकीदारों के साथ कोतवाली में मीटिंग का आयोजन किया। मीटिंग में इंस्पेक्टर ने बताया कि जनपद में जीरो ड्रग्स अभियान जारी है। इस अभियान के तहत सभी चौकीदारों को पूरी जिम्मेदारी का परिचय देना है। उन्होंने कहा कि सभी चौकीदार अपने-अपने गांवों में अवैध शराब, सट्टा, गांजा व नशीले पदार्थों की बिक्री पर नजर रखेंगे। गांव में अंजान आदमी की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। गांव में दिखाई देने वाले अंजान आदमी के बारे में छानबीन करेंगे। किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल हल्का इंचार्ज अथवा कोतवाली में देंगे। वरिष्ठ उप-निरीक्षक जितेंद्र सिंह यादव ने कहा कि चौकीदार पुलिस का एक जिम्मेदार व्यक्ति है। गांव की हर गतिविधि पर उसकी नजर होनी चाहिए। चौकीदार निडर होकर कार्य करें। मीटिंग के बाद सभी चौकीदारों को जलपान कराया गया।