चरथावल। कस्बे में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए कूड़े का प्लांट लगाया गया है। करीब 30 लाख रुपये की लागत से तैयार प्लांट पर खाद तैयार की जाएगी। जिससे नगर पंचायत की आमदनी बढ़ेगी और कस्बे से निकलने वाले कूड़ा का उचित निस्तारण होगा। नगर में नियमित सफाई के लिए चार टिपर के अलावा अन्य संसाधन है। बाहरी सीमा में रोहाना मार्ग पर चार स्कूली संस्थाएं होने के बावजूद कूड़े के ढेर संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ाते है।
कस्बे में कूड़ा निस्तारण के संसाधन पूरे हैं। कूड़ा उठाने के लिए टिपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली दो बार बाजार में आती है। त्योहार और खास दिनों में सफाई कर्मचारियों की टीम संबंधित मोहल्लों में बार-बार पहुंचकर सफाई करती नजर आती हैं। रोहाना मार्ग पर गंदगी से सुबह-शाम घूमने वालों को परेशानी होती है। - संदीप कंसल, दुकानदार
कूड़ा उठाने के लिए वार्ड में नियमित गाड़ी आती है। सफाई कर्मी आवाज लगाकर घरों कूड़ा एकत्र कर ले जाते हैं। नगर के अंदर सफाई व्यवस्था जितनी बेहतर है, उससे बदतर बाहरी सीमा में रोहाना मुख्य मार्ग की है। इस मार्ग के दोनों तरफ कूड़ियों के ढेरों से गंदगी व्याप्त रहती है। इस मार्ग पर चार शिक्षण संस्थाएं हैं। - राजेश त्यागी, कानूनगोयान बस स्टैंड
- कूड़ा निस्तारण के लिए नगर पंचायत प्रशासन द्वारा संवेदनशील है। मोहल्ले में नियमित सफाई कर्मचारी आते हैं और कूड़ा लेकर जाते हैं। नालियों में कीटनाशक का छिड़काव हो रहा है। - नाजिम त्यागी, तगायान
- कूड़ा निस्तारण के लिए निरधना मार्ग पर कई साल पहले डंपिंग कूड़ा घर बना गया था। नगर सीमा का कूड़ा ट्रॉलियों और टिपर में एकत्र कर वहां डाला जाता है। डंपिंग कूड़ाघर पर खाद बनाने का प्लांट चलने से स्थायी समाधान हो जाएगा। - अनिल कश्यप, सभासद, महाब्रह्मणान
प्लांट चलने से बढ़ेगी आमदनी
कूड़ा निस्तारित करने के लिए एमआरएफ प्लांट खाद तैयार होगा। बाजार में खाद बेचकर नगर पंचायत की आमदनी बढ़ेगी। मशीन लग चुकी है। विद्युत कनेक्शन मिलने के बाद शीघ्र चालू हो जाएगा। इसके अलावा कस्बे का कूड़ा एवं सफाई में 70 कर्मचारी तैनात है। यहां एक जेसीबी, तीन ट्रैक्टर ट्रालियां, चार टिपर है। कूड़े घर पर नियमित कीटनाशक का छिड़काव किया जाता है। - सतेंद्र त्यागी चेयरमैन नगर पंचायत