शाहपुर। गांव बसीकलां में दो पक्षों में हुए संघर्ष में घायल शहजाद की मौत के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव बसीकलां में दो पक्षों में तीन माह पूर्व चुनावी रंजिश के चलते संघर्ष हो गया था। फायरिंग व पथराव में एक पक्ष का शहजाद गोली लगने से घायल हुआ था। उसकी तीन माह बाद उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इससे गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु शव के साथ भौराकलां-शाहपुर मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा किया था। इस पर सीओ बुढ़ाना विनय गौतम ने फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम खुलवाया था। पुलिस ने रविवार को हत्याकांड में फरार आरोपी साबू को गांव काकड़ा स्टेडियम के समीप गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बसीं नहर के समीप स्थित सिंचाई विभाग के डाकबंगले के पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया है। आरोपी को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है।
ट्रांसपोर्टर के घर में चोरी
खतौली। कस्बे के मोहल्ला लाल मोहम्मद निवासी अफजाल ट्रांसपोर्टर है। वह शनिवार रात परिजनों के साथ घर में सोया था। बदमाश देर रात घर में घुस गए और वहां से छह मोबाइल, एक लेपटॉप और नकदी चोरी कर ले गए। रविवार सुबह नींद से जागने पर परिजनों को घटना की जानकारी मिली। पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल कर शक के आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। संवाद