खतौली। भाजपाइयों और व्यापारियों ने संयुक्त रूप से बैठक आयोजित कर कपड़ा शोरूम व्यापारियों से हुई लूट की घटना का पुलिस द्वारा खुलासा नहीं करने पर रविवार को बाजार बंद का आह्वान किया। इतना ही नहीं भाजपाइयों और व्यापारियों ने बाजारों में घूमकर दुकानदारों से अपनी दुकानें बंद करने की अपील की।
रेलवे रोड पर 22 फरवरी की रात करीब 9 बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने कपड़ा शोरूम व्यापारी रमेश तनेजा व उसके बेटे सचिन तनेजा से लाखों की नगदी लूटकर व्यापारियों में दहशत फैला दी थी। व्यापारियों ने विगत दिवस कोतवाली में इंस्पेक्टर केपी सिंह का घेराव कर अल्टीमेटम दिया था कि अगर शनिवार तक लूट की घटना का खुलासा कर बदमाशों को पकड़कर जेल नहीं भेजा गया तो वे मजबूर होकर रविवार को बाजार बंद करेंगे।
इसके बावजूद पुलिस लूट की घटना का खुलासा नहीं कर सकी है। जिसको लेकर भाजपाइयों और व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है। शनिवार को पीड़ित कपड़ा शोरूम पर भाजपाइयों और व्यापारियों की संयुक्त रूप से बैठक आयोजित की गई। जिसमें व्यापारियों से रविवार को पूर्णरूप से बाजार बंद रखने का आह्वान किया गया।
इसके बाद भाजपाइयों और सभी व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों ने बाजारों में घूमकर दुकानदारों से रविवार को अपने अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। बैठक में भाजपा नगराध्यक्ष प्रशांत देशवाल, रमेश तनेजा, सचिन तनेजा, मनोज भाटिया, राजेश जैन, अमित जैन आदि व्यापारी लोग उपस्थित रहे।