मुजफ्फरनगर। निर्वाचन आयोग के रोल प्रेक्षक रमेश चंद्र ने जनपद में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने 4.63 लाख से अधिक नोटिसों के वितरण और सुनवाई पर संतोष व्यक्त किया।
प्रेक्षक ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से 12 बिंदुओं पर समीक्षा की। उन्हें बताया गया कि जनपद में कुल 4,63,305 नोटिस जारी किए गए थे, जिनकी सुनवाई पूरी हो चुकी है। जनपद में 1,34,377 फॉर्म-6, 45 फॉर्म-6ए, 9,782 फॉर्म-7 और 41,723 फॉर्म-8 प्राप्त हुए हैं, जिनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जा रहा है।
रमेश चंद्र ने मतदाता सूची में फोटोग्राफ की गुणवत्ता जांचने और अस्पष्ट फोटो बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने बॉर्डर एरिया के मतदाताओं के नाम दोहरे न होने की जांच करने को भी कहा। प्रेक्षक ने बीएलओ को पुनः घर-घर सर्वे करने और मल्टीलेयर जांच करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।