पुरकाजी खादर क्षेत्र की सोलानी नदी में उत्तराखंड की पहाड़ियों से आया पानी
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
सोलानी में जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों में दहशत
मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। उत्तराखंड की पहाड़ियों से पानी छोड़े जाने पर रविवार को पुरकाजी के खादर क्षेत्र की सोलानी नदी का जलस्तर बढ़ जाने से नदी उफान पर आ गई। पानी नदी से बाहर निकलकर खेतों व जंगलों में भर जाने से क्षेत्र में बाढ़ के हालात बन गए। नतीजतन ग्रामीणों को खेतों व जंगलों तक पहुंच पाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों के समक्ष खेतों से पशुओं के लिए चारा लाने की विकट समस्या बनी हुई है।
रविवार दोपहर उत्तराखंड में हो रही बारिश का पांच हजार क्यूसेक पानी खादर क्षेत्र की सोलानी नदी में छोड़ देने पर रात्रि में नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिससे नदी के उफान पर आ जाने से पानी क्षेत्र के कई गांवों के जंगलों व रास्तों में भर गया। पानी और बढ़ने की आशंका से भयभीत ग्रामीणों ने घरों में रखा सामान समेटकर सुरक्षित जगहों पर रखना शुरू कर दिया। पानी से क्षेत्र के गांव रामनगर, रजगल्लापुर, रतनपुरी, चमरावाला, भदौला, पांचली, खेड़की, धुममनपुरी आदि के ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। ग्रामीण रास्तों व खेतों में पानी भरा होने के कारण खेतों पर नहीं पहुंच पाए, जिससे ग्रामीणों के समक्ष पशुओं के लिए चारे का इंतजाम करने की विकट समस्या आ गई। सिंचाई विभाग के एसडीओ अशोक जैन ने बताया कि उत्तराखंड से पांच हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, जिससे रात्रि में खादर क्षेत्र में पहुंच जाने पर पानी जंगलों व रास्तों पर भर गया था। पानी सोमवार में कम हो जाएगा खतरे वाली कोई बात नहीं है।