बाबरी मस्जिद के फैसले के मदेदनजर शिव चौक पर सुरक्षा वयवस्था का निरीक्षण करते एसएसपी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
विवादित ढांचा विध्वंस पर फैसले को लेकर सतर्कता
मुजफ्फरनगर। अयोध्या में विवादित ढांचा विध्वंस के मामले में सीबीआई की विशेष अदालत द्वारा दिए गए फैसले को लेकर जिले में बुधवार को अलर्ट रहा। सुरक्षा के मद्देनजर जनपद को चार जोन व 16 सेक्टर में बांटकर पुख्ता व्यवस्था करते हुए पुलिस फोर्स व पीएसी बल की ड्यूटी लगाई गई थी। वहीं, देहात क्षेत्र में कई जगह फ्लैग मार्च भी किया गया।
विवादित ढांचा विध्वंस के मामले में कोर्ट द्वारा बुधवार को सुनाए गए फैसले में सभी आरोपियों को बरी किया गया है। इसे लेकर किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए जनपद में सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया था। इसके तहत जिले को चार जोन व 16 सेक्टर में तब्दील कर सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। बुधवार सुबह से ही शहर के सभी मुख्य चौराहों व संवेदनशील स्थलों पर भारी फोर्स तैनात रही। एसएसपी अभिषेक यादव खुद सड़कों पर रहकर पूरी व्यवस्था पर नजर बनाए रहे। वहीं, देहात क्षेत्र में एसपी देहात नेपाल सिंह के निर्देशन में फ्लैगमार्च कर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। शाहपुर में कानून व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में कस्बे में पीएसी बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। कस्बा चौकी प्रभारी विजयपाल सिंह भी पुलिस टीम के साथ लगातार क्षेत्र में गश्त करते रहे। विभिन्न स्थानों पर पुलिस व पीएसी बल तैनात रहा। छपार में भी पुलिस पूरे दिन सतर्क रही। पीएसी जवानों के साथ क्षेत्र के कई गांवों में फ्लैग मार्च निकाला गया। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। इंस्पेक्टर यशपाल सिंह के नेतृत्व में कस्बे में भी फ्लैगमार्च निकालकर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।