मुठभेड़ में पकड़ा वाहन चोर, पांच बाइकें बरामद
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। खादर क्षेत्र के गांव शेरपुर में पेट्रोल पंप के पास पुलिस ने मुठभेड़ में वाहन चोर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की पांच बाइकें बरामद की गई हैं।
पुलिस शनिवार रात खादर क्षेत्र के गांव शेरपुर में पेट्रोल पंप के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। सीओ सदर हेमंत कुमार ने बताया कि इसी दौरान संदिग्ध बाइक पर आते दो युवकों को पूछताछ के लिए रोका गया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। इस पर आरोपियों की घेराबंदी की गई, जिसमें एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। सीओ सदर ने बताया कि मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी बिजनौर जनपद के मंडावर थाना क्षेत्र के गांव अलीपुर माखन के मजरा लायकपुरी निवासी जोनी है, जिसकी निशानदेही पर चोरी की पांच बाइकें बरामद की गई हैं।
आरोपी के पास से तमंचा-कारतूस भी बरामद किया गया है। वहीं, फरार बदमाश की पहचान पुरकाजी क्षेत्र के गांव हरिनगर निवासी अर्जुन के रूप में हुई है। सीओ ने बताया कि इन दोनों बदमाशों ने गत 25 जून को गांव झबरपुर पैंठ से दीपक नामक युवक की बाइक चोरी की थी।