किसान से रिश्वत लेते लेखपाल का वीडियो वायरल
मुजफ्फरनगर। सदर तहसील में कार्यरत गांव निरमानी के लेेखपाल का एक किसान से जमानती जांच के नाम पर 1400 रुपये रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। एसडीएम सदर ने तत्काल प्रभाव से लेखपाल को सस्पेंड कर तहसीलदार सदर को मामले की जांच सौंप दी है।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव निरमानी का लेखपाल लोकेश कुमार सदर तहसील में भी कार्यरत हैं। रविवार रात सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हुए, जिनमें लेखपाल एक ग्रामीण से दो हजार रुपये मांगने और फिर 1400 रुपये लेते हुए कैद था। उक्त वीडियो कुछ समय पूर्व का बताया जा रहा है, जिसमें गांव निरमानी का ही एक ग्रामीण सदर तहसील में लेखपाल से एक परिचित की जमानती जांच के लिए मिला था।
आरोप है कि जमानती जांच के नाम पर ग्रामीण से दो हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई। कुछ सौदेबाजी के बाद मामला 1400 रुपये में तय हुआ, जिस पर लेखपाल को उक्त रुपये थमा दिए गए, लेकिन यह पूरा मामला मोबाइल से वीडियो बनाकर कैद कर लिया गया।
एसडीएम सदर दीपक कुमार ने बताया कि मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल प्रभाव से लेखपाल लोकेश कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की जांच तहसीलदार सदर अभिषेक शाही को दी गई है। वीडियो कब का है, इसकी भी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे कार्रवाई की जाएगी।