खतौली। रेलवे रोड पर सब्जी विक्रेताओं ने पुलिस से वार्ता के बाद तीसरे दिन सब्जी की दुकानें लगाईं। दुकानदारों ने डिवाइडर और शिवमूर्ति के निकट तिराहे पर कोई ठेली या ठिया नहीं लगाया। एक सीमा तय कर सब्जी विक्रेताओं ने अपने दुकानें लगाई हैं।
रेलवे रोड पर अतिक्रमण के कारण आवागमन में बाधा उत्पन्न होने की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सब्जी की दुकानें हटवा दी थी। सब्जी विक्रेता दुकानें बंद कर धरने पर बैठ गए थे। बृहस्पतिवार देर शाम सब्जी विक्रेता भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे और पुलिस से वार्ता की।
वार्ता के दौरान शिवमूर्ति के निकट तिराहा खाली करने तथा डिवाइडर के आसपास कोई दुकान नहीं लगाने और सीमा का चिंहाकन करने पर सहमति बनी। हालांकि अभी तक सीमा का चिंहाकन नहीं हो सका है। शुक्रवार को सब्जी विक्रेताओं ने स्वयं सडक से हटकर अपने ठिए लगाए।
सब्जी विक्रेताओं ब्रहमपाल, ब्रिजपाल, ललित सैनी, गोविंद, बाबू आदि ने बताया कि पुलिस और व्यापारियों को साथ लेकर सीमा का चिंहाकन किया जाएगा। कोई भी सब्जी विक्रेता लाइन से हटकर अपने ठिए नहीं लगाएगा। सब्जी विक्रेताओं के व्यवस्थित तरीके से ठिये लगाने से रेलवे रोड का मार्ग चौड़ा दिखाई देने लगा है।