विक्रेताओं के न आने से नहीं हुई सब्जी की बिक्री
पुरकाजी। एक सप्ताह बाद खुली मंडी में सब्जी विक्रेताओं के नहीं आने से सब्जियों की बिक्री नहीं हुई। परेशान आढ़तियों ने प्रशासन से सब्जी मंडी खोलने के समय मे बढ़ोत्तरी किये जाने की मांग की है।
कस्बे की एक मस्जिद में रह रहे झारखंड निवासी दो जमातियों के कोरोना पॉजिटिव आने पर प्रशासन ने नौ अप्रैल को कस्बे को हॉट स्पॉट घोषित कर चारों तरफ से सील कर दिया था। पुलिस ने कस्बे में खुल रही आवश्यक वस्तुओं की दुकानों सहित सब्जी मंडी को भी बंद करा दिया था। सब्जियां नहीं मिलने से हो रही दिक्कतों की शिकायत पर पुलिस ने 13 अप्रैल को सब्जी मंडी खुलवाकर सब्जियों की आपूर्ति कराई थी। मगर आढ़तियों ने आपूर्ति करने में असमर्थता जताते हुए सब्जी मंडी के गेट पर बल्लियां लगाकर मंडी को लॉकडाउन कर दिया था।
शुक्रवार को पुलिस ने प्रशासन द्वारा निर्धारित समय पर सुबह पांच बजे से आठ बजे तक सब्जी मंडी फिर खुलवाई। आढ़तियों द्वारा सब्जी की व्यवस्था की गई। मगर सब्जी विक्रेताओं के नहीं पहुंचने से सब्जी की बिक्री नहीं हो पाई। अधिकांश सब्जी बच जाने से होने वाले नुकसान को देखते हुए सब्जी आढ़तियों ने मंडी खुलने के समय में बढ़ोत्तरी करने की मांग की है। अकील खान, दिलशाद, गांधी आदि आढ़तियों का कहना है कि निर्धारित समय में सब्जी विक्रेता नहीं आ पाए। जिससे सब्जियों की बिक्री कम हुई है।