बुढ़ाना सीएचसी का निरीक्षण करने पहुंचे सीडीओ।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
सीसीटीवी की नजर में होगी वैक्सीनेशन की व्यवस्था
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। कस्बे की सीएचसी पर सीडीओ ने कोरोना वायरस के वैक्सीनेशन के पूर्वाभ्यास के दौरान अव्यवस्था मिलने पर स्वास्थ्य महकमे के अधिकारियों से नाराजगी जताई। सीडीओ ने प्रभारी चिकित्साधिकारी को वैक्सीनेशन की सारी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी ने बताया कि वैक्सीनेशन की सारी व्यवस्था सीसीटीवी की नजर में रहेगी।
वैक्सीनेशन से पूर्व पूर्वाभ्यास के लिए व्यवस्था के निरीक्षण को देखने के लिए मुख्य विकास अधिकारी आलोक यादव सुबह करीब 10 बजे सीएचसी पर पहुंच गए। मुख्य विकास अधिकारी ने उपजिलाधिकारी कुमार भूपेन्द्र के साथ व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने वैक्सीन रूम, वेटिंग रूम, डाटा रूम व पंजीकरण रूम का निरीक्षण किया। वैक्सीनेशन हेतु सीएचसी में अव्यवस्था देखकर मुख्य विकास अधिकारी बेहद नाराज हुए। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विक्रांत को सारी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि व्यवस्था सही नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी। सीएचसी के डॉ. उमंग श्रीवास्तव ने बताया कि वैक्सीनेशन का कार्य पुलिस सुरक्षा मे होगा। सारी व्यवस्था पर सीसीटीवी की नजर भी रहेगी। इस मौके पर वैक्सीनेशन से पूर्व पूर्वाभ्यास भी किया गया।