आज से महिलाओं के लिए पिंक बूथ पर वैक्सीनेशन
मुजफ्फरनगर। कोरोना वैक्सीन के टीके लगाने के लिए महिलाओं को अग्रणी रखने की कवायद के तहत अब जिला महिला चिकित्सालय में भी टीकाकरण की शुरूआत की गई है। महिलाओं के लिए यहां दो पिंक बूथ बनाए जाएंगे, जहां अलग-अलग आयु वर्ग की महिलाओं को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी।
कोरोना संक्रमण में कमी आने के साथ ही जनपद में वैक्सीन लगाने के काम में तेजी लाई जा रही है। मीडिया व सरकारी कर्मचारियों के साथ ही अभिभावक स्पेशल बूथ के बाद अब जनपद में महिलाओं के लिए स्पेशल पिंक बूथ शुरू किए जा रहे हैं। सोमवार को (आज) जिला महिला चिकित्सालय में पिंक बूथों का शुभारंभ किया जाएगा, जहां केवल महिलाओं को ही कोरोना वैक्सीन के टीके लगाए जाएंगे। सीएमओ डॉ. एमएस फौजदार ने बताया कि शासन की ओर से इस तरह के निर्देश आने के बाद जिला महिला चिकित्सालय में पिंक बूथों की शुरूआत की जा रही है। दोनों पिंक बूथों पर अलग-अलग आयु वर्ग की महिलाओं को वैक्सीन लगाई जाएगी। इनमें से एक बूथ पर 18 से 44 आयु वर्ग और दूसरे बूथ पर 45 आयु वर्ग व इससे अधिक उम्र की महिलाओं को कोरोना वैक्सीन के टीके लगाए जाएंगे। पिंक बूथ शुरू होने के बाद अब महिलाओं को पुरुषों के साथ संयुक्त बूथों पर टीकाकरण नहीं कराना पड़ेगा। सीएमओ ने बताया कि जिला महिला चिकित्सालय के बाद जल्द ही ब्लॉक स्तर पर भी पिंक बूथों का शुभारंभ किया जाएगा।