मंसूरपुर में रेलवे अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते नेता व ग्रामीण।
- फोटो : KHATAULI
ग्रामीणों ने अंडरपास का कार्य रुकवाया, ज्ञापन सौंपा
मंसूरपुर। गांव सोंटा रेलवे फाटक पर बन रहे अंडरपास का कार्य रविवार को ग्रामीणों ने रुकवा दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि अंडरपास के बराबर में आने जाने के लिए दूसरा छोटा अंडरपास बनाया जाए या एक फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाए, तभी कार्य शुरू होने दिया जाएगा।
रालोद नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजय राठी, भाकियू नेता संजीव राठी तथा अशोक प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सोंटा रेलवे फाटक पर अंडरपास का कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि अंडरपास की गहराई 18 फीट है, जो बहुत अधिक है। इससे गन्ना वाहन तथा अन्य वाहनों को निकलने में दिक्कत होगी। इसे घटाकर 14 फिट किया जाए। अंडरपास के बराबर में एक छोटा 13 फुट का अंडरपास या फ्लाईओवर बनाया जाए, जिससे गन्ना वाहनों को शुगर मिल में जाने के लिए समस्या न हो। साथ ही अंडरपास से नेशनल हाईवे तक सड़क की चौड़ाई 30 फुट की जाए। इस मौके पर पहुंचे रेलवे विभाग के इंजीनियर मनीष धवन को किसानों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। किसानों का कहना था कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो जल्द ही बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर विशाल बोपाडा, संजीव राठी, अंशुल कुमार, कुलदीप, तैयब, रविंद्र राठी, सहदेव, गंगाराम, नसीम, गौरव चौधरी आदि उपस्थित रहे।