मुजफ्फरनगर। वाजिदपुर कवाली में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत गन्ना विकास गोष्ठी का आयोजन किया गया। गन्ना शोध केंद्र के संयुक्त निदेशक डॉ. वीरेश सिंह ने किसानों को गन्ना बीज, उर्वरक प्रयोग और कीट नियंत्रण के बारे में विस्तार से बताया।
गन्ना विकास परिषद खतौली की ओर से आयोजित गोष्ठी में डॉ. वीरेश सिंह ने बताया कि वर्तमान में गन्ने की फसल में टोप बोरर यानी चोटी बेधक कीट की तितली का प्रकोप दिखाई दे रहा है। यदि इस कीट को समय पर नियंत्रित नहीं किया गया, तो फसल को नुकसान पहुंचाएगा। जिला गन्ना अधिकारी डॉ. आरडी द्विवेदी ने किसानों को यूरिया के स्थान पर नैनो यूरिया के प्रयोग की सलाह दी।
चीनी मिल खतौली के महाप्रबंधक गन्ना कुलदीप राठी ने किसानों को चीनी मिल द्वारा दी जा रही सुविधाओं, गन्ने की खरीद, पेराई से अवगत कराया। सहायक महाप्रबंधक गन्ना नीरव श्रीवास्तव ने गोष्ठी का संचालन किया। ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक खतौली जितेंद्र कुमार, डॉ एसके बेनीवाल ने विचार रखे। प्रगतिशील किसान अनुज काकरान, अश्विनी कुमार, सरदार बलजिंदर सिंह, वाजिदपुर कवाली उपस्थित रहे।