मंसूरपूर। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत एआरटीओ मुजफ्फरनगर तथा नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में स्प्रिंगडेल्स पब्लिक स्कूल मंसूरपुर में जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं तथा अध्यापकों से यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहकर दूसरे लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
एआरटीओ मुजफ्फरनगर विनीत कुमार मिश्रा ने कहा कि सड़क पर चलते समय चाहे पैदल हों या वाहन का प्रयोग कर रहे हों, यातायात के नियमों का पालन करना अति आवश्यक है। उन्होंने दुपहिया वाहनों पर हेलमेट का प्रयोग करने, फोर व्हीलर चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात न करने, सड़क पर लगे सभी संकेतकों का पालन करने की सलाह दी। इस अवसर पर छात्राओं ने पोस्टर तथा रंगोली बनाकर यातायात के नियमों की जानकारी दी। छात्र-छात्राओं ने यातायात के नियमों का पालन करने की शपथ ली। कार्यक्रम में स्कूल के प्रबंधक संजीव राठी, प्रधानाचार्य तरुणा चौधरी, नेशनल हाईवे टोल प्लाजा सिवाया के परियोजना प्रबंधक वैभव शर्मा, प्रदीप चौधरी, राणा प्रताप, मनेंद्र विहान, अनुज कुमार, अश्वनी चौहान, मंसूरपुर इंस्पेक्टर कुशल पाल सिंह, दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे।