निराना में किशोरी से छेड़छाड़ पर हंगामा
सिखेड़ा। कासमपुरा में छेड़छाड़ को लेकर दो वर्गों के बीच हुए बवाल का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि शहर से सटे गांव निराना में भी इसी तरह की घटना सामने आई। खेत से चारा लेकर लौट रही किशोरी से दूसरे वर्ग के युवकों द्वारा छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर उसे खेत में खींचने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों के हंगामा करने पर पुलिस ने तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले को शांत किया।
सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव निराना निवासी किशोरी दोपहर बाद खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर लौट रही थी। आरोप है कि जंगल में मौजूद दूसरे वर्ग के तीन युवकों ने किशोरी को अकेली देख पहले तो उसके साथ छेड़छाड़ की। किशोरी के विरोध करने पर आरोपियों ने उसे बदनीयती से खेत में खींचने का प्रयास किया। पीड़िता के शोर मचाने पर खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जमकर हंगामा किया। सूचना पर सीओ मंडी धनंजय सिंह कुशवाहा व एसओ विरेंद्र कसाना मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए। सीओ ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर आरोपी ओसामा, छोटा व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और बहुत जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।