कसौली में मामले का हल निकालने को लेकर वार्ता करते मौअज्जिज लोग।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
कालू बाबा और महर्षि कश्यप की प्रतिमा लगाने को लेकर हंगामा
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। कसौली गांव में पंचायत घर के पास कालू बाबा और महर्षि कश्यप की प्रतिमा लगाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। प्रतिमा स्थल पर किसान के खेत आने पर विरोध किया। दूसरे पक्ष के काफी तादात में लोगों ने प्रतिमा हटवाने का विरोध किया। महिलाएं भी प्रतिमा हटवाने के विरोध में मौके पर हंगामा करने पहुंच गईं। एसडीएम सदर दीपक कुमार और सीओ सदर कुलदीप कुमार ने मौके पर पहुंचकर मामले का निस्तारण कराने का प्रयास किया। फिलहाल एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
दो दिन पूर्व रात्रि में कसौली के बाहरी छोर पर छिमाऊ मार्ग पर कश्यप समाज के कुछ लोगों ने कालू बाबा और महर्षि कश्यप की दो प्रतिमाएं लगा दंी। बिना प्रशासन की मंजूरी के जहां प्रतिमा लगाई गई, वहां पालेराम कश्यप के खेत का रास्ता है। उनका कहना है कि प्रतिमाओं की स्थापना रात में गुपचुप तरीके से कर दी गई है। मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के लिए कोई धार्मिक अनुष्ठान नहीं कराया गया, जिससे उन्हें खेतों में आने जाने में दिक्कत होगी। इस संबंध में एसडीएम सदर को शिकायत की। बृहस्पतिवार को तहसीलदार और राजस्व विभाग की टीम पैमाइश कराने को लेकर पहुंची। भनक लगने पर कसौली के अलावा चौकड़ा, छिमाऊ, बुड्ढ़ाखेड़ा आदि गांव से कश्यप समाज के काफी लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जमकर विरोध किया। महिलाएं भी प्रतिमा को हटाने के विरोध में डट गईं। गांव में दो पक्षों में तनातनी और हंगामे पर एसडीएम और सीओ मौके पर पहुंचे। थाने से भारी पुलिस फोर्स ने गांव में जाकर स्थिति को संभाला। हालांकि प्रतिमा को हटाने लेकर विरोध चलता रहा। अधिकारियों के जाने के बाद एसओ ने दोनों पक्षों के लोगों को बैठाकर समझाने का प्रयास किया, लेकिन घंटो चली बैठक बेनतीजा रही। फिलहाल तनातनी के मद्देनजर मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। बैठक में चरथावल भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष गर्ग, किसान मोर्चा जिला मंत्री मामचंद पुंडीर, ग्राम प्रधान चंद्रबोस, डा. विपिन त्यागी, राजेंद्र कश्यप, सुभाष कश्यप, जयनाथ कश्यप, जसवीर फौजी आदि मौजूद रहें।