संविदा कर्मी लाइनमैन की मौत पर बरपा हंगामा
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। गांव गोयला स्थित बिजलीघर पर संविदाकर्मी के रूप में तैनात लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। लाइनमैन की मौत की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव को बिजलीघर पर रखकर घंटों हंगामा किया। सप्लाई शुरू करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही मृतक आश्रित की पत्नी को नौकरी दिए जाने की मांग की गई।
रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव कितास निवासी विनोद शाहपुर क्षेत्र के गांव गोयला स्थित बिजलीघर पर संविदा लाइनमैन के रूप में काम करता था। मंगलवार दोपहर विनोद शटडाउन लेकर बिजलीघर परिसर में ही खंभे पर चढ़कर लाइन ठीक कर रहा था। इसी दौरान अचानक बिजलीघर से किसी ने सप्लाई चालू कर दी, जिससे खंभे पर काम कर रहा विनोद करंट से बुरी तरह झुलसकर नीचे आ गिरा। बिजलीघर पर मौजूद ग्रामीण तत्काल विनोद को सीएचसी खतौली ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कितास से पहुंचे परिजन व ग्रामीण खतौली सीएचसी से शव लेकर गोयला बिजलीघर जा पहुंचे और शव वहां रखकर हंगामा शुरू कर दिया। यह देख बिजलीघर के जेई अजय कुमार सहित अन्य कर्मचारी वहां से रफूचक्कर हो गए। इस पर ग्रामीणों ने बिजलीघर प्रांगण में ही धरना शुरू करते हुए बिजली सप्लाई शुरू करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही विनोद की पत्नी को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की।
सूचना पर इंस्पेक्टर संजीव कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। इस पर एसडीएम बुढ़ाना अशोक कुमार ने ग्रामीणों के साथ ही बिजली विभाग के अफसरों से वार्ता की, जिसके बाद एसडीएम ने पीड़ित परिजनों को विभाग की ओर से पांच लाख रुपये के साथ ही किसान दुर्घटना बीमा के तहत भी पांच लाख रुपये दिलाए जाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने धरना खत्म किया। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। इस संबंध में फिलहाल किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई है।