बेहड़ा सादात में कब्रिस्तान पर कब्जे और गंदगी को लेकर हंगामा
मुजफ्फरनगर, मोरना। ककरौली थाने के गांव बेहड़ा सादात के कब्रिस्तान में अवैध तरीके से पेड़ों के कटान, गंदगी और अवैध कब्जे को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों ने हंगामा किया। तहसीलदार जसमेंद्र सिंह ने मौके का निरीक्षण किया। हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया।
गांव बेहड़ा सादात निवासी जिया मेहंदी, शाहनवाज, रियाज, डॉ रहीशु, रफी, फहीम, नजीर, गुलशेर, शादाब, नईमु, शाहीन, महताब, एहसान, रफत अली और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि 1986 में खसरा नंबर 991 का रकबा शिया वक्फ बोर्ड के तहत तहसील जानसठ अभिलेखों में दर्ज किया गया था। गांव के एक समुदाय ने उपले बिटौड़े रखकर अवैध कब्जा कर रखा है। मौके पर करीब 38 बीघा कब्रिस्तान की जमीन शेष बची है। कब्रिस्तान में खड़े छायादार पेड़ों को भी लगातार काटा जा रहा है।
मंगलवार को पेड़ काटे जाने के सूचना पर मुस्लिम समाज के लोग एकत्र हो गए और हंगामा किया। ककरौली थाना प्रभारी सुनील शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर जांच की। एसडीएम जानसठ जयेंद्र कुमार को जानकारी दे मामले से अवगत कराया, जिसके बाद तहसीलदार ने मौके पर आकर कब्रिस्तान पहुँच मुस्लिम समाज के जिम्मेदार लोगों से बात कर अवैध कब्जा हटाये जाने का आश्वासन दिया।
कब्रिस्तान समिति सदस्य नजीर हैदर, शादाब, जहीर, शाहिद रजा, रफत हुसैन अकील, मोहम्मद अली और नसीर ने बताया कि 30 साल से कब्रिस्तान पर दूसरे समुदाय के लोगों ने कब्जा कर रखा है, कई बार कब्जा हटवाने की शिकायत जिलाधिकारी ,मुख्यमंत्री पोर्टल पर भेजी गई है। तहसीलदार ने बताया कि कब्रिस्तान का निरीक्षण कर अधिकारियों को अवगत करा मौके पर जमीन की पैमाइश के बाद कब्जा मुक्त कराया जाने की कार्यवाही होगी।
बेहड़ा सादात कब्रिस्तान में तहसीलदार जसमेन्द्र सिंह को हरे पेड़, अवैध कब्जे की जानकारी देते शिय?- फोटो : MUZAFFARNAGAR