सरवट फाटक पर जल निकासी की समस्या को लेकर निरीक्षण करते रेलवे पुलिस व अधिकारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
नाला बंद कराने के विरोध में हंगामा
मुजफ्फरनगर। सरवट रेलवे फाटक के पास नाले का पानी रेलवे ट्रैक के नीचे से निकल कर दूसरी ओर चले जाने पर रेलवे के अधिकारियों ने नाला बंद कर दिया। ऐसे में नसीरपुर रोड पर जल भराव हो गया। जिसको लेकर लोगों ने वहां पर हंगामा किया। नगर पालिका के ईओ को भी बुलाया गया, जल्द इसका निदान कराने का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया गया। इस दौरान निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य हरेंद्र शर्मा और आप नेता रोहन त्यागी के बीच नोकझोंक भी हुई।
सरवट फाटक के पास नाले में नसीरपुर और सुभाषनगर का पानी आता है, मगर गांधी कॉलोनी से सटे नाले में आगे पानी की निकासी नहीं हो रही है। जिस कारण नाला ओवरफ्लो हो गया, जिसका पानी रेलवे ट्रैक के नीचे होकर दूसरी ओर चल गया। जिसकी जानकारी मिलने पर गत दिवस रेलवे अधिकारियों ने आरपीएफ के साथ जाकर नाला बंद कर दिया था, जिससे पानी की निकासी नहीं होने से नसीरपुर रोड पर जलभराव हो गया। इसके विरोध में शनिवार को नागरिकों ने वहां हंगामा किया। रेलवे अधिकारी आरपीएफ के साथ पहुंच गए। नगर पालिका के ईओ हेमराज भी मौके पर बुलाए गए। जल्द पानी की निकासी का समाधान कराने का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया गया। उधर, रेलवे के अधिकारियों को कहना है कि नाले का पानी चलता रहा तो रेल संचालन प्रभावित हो जाएगा।