16 गेहूं क्रय केंद्रों पर खरीद नहीं होने के विरोध में हंगामा
मुजफ्फरनगर। जिले में गेहूं खरीद के 16 सेंटरों पर अचानक तौल बंद हो जाने से किसानों को समस्या का सामना करना पड़ा। गेहूं लेकर पहुंचे किसानों को निराशा हाथ लगी। कई सेंटरों पर किसानों ने प्रदर्शन भी किया। शाम के समय आदेश वापस लिए जाने के बाद कुछ सेंटरों पर तौल फिर से शुरू हुआ।
जिले में 52 क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीदारी हो रही है। इनमें खाद्य विभाग के 13, पीसीएफ के 22 तथा 16 सेंटर पीसीयू के और भारतीय खाद्य निगम का एक सेंटर शामिल हैं। पीसीयू ने बृहस्पतिवार सुबह लखनऊ से ही खरीद बंद करने के आदेश कर दिए। इसके बाद जिले के 16 सेंटरों पर अचानक गेहूं की खरीद बंद कर दी गई। बृहस्पतिवार को जो लोग इन सेंटरों पर गेहूं लेकर पहुंचे, उन्हें निराशा का सामना करना पड़ा। जसोई में सेंटर पर गेहूं लेकर पहुंचे किसानों ने हंगामा भी किया। जिले के सभी सेंटरों पर यही स्थिति रही। कर्मचारियों ने यह कहकर हाथ खड़े कर दिया कि विभाग ने लखनऊ से ही खरीदारी बंद कर दी है। हम कुछ नहीं कर सकते। दिन भर अधिकारियों की लखनऊ बात होती रही। शासन तक मामला पहुंचा। शाम को पीसीयू ने फिर से गेहूं की खरीदारी शुरू की। आरएमओ कमलेश कुमार ने बताया कि पीसीयू ने अपना गेहूं खरीदारी नहीं करने का आदेश वापस ले लिया है और गेहूं की फिर से खरीदारी शुरू हो गई है।
यहां है पीसीयू के सेंटर
पीसीयू के सेंटर जिले में 16 स्थानों पर है इनमें एसएसएस जटमुझेडा, नवीन मंडी स्थल, सिसौना, केंद्रीय उपभोक्ता भंडार नवीन मंडी, केंद्रीय उपभोक्ता भंडार जसोई, बुढीनाखुर्द, शेरपुर, बरला, कम्हेडा, बढीवाला, धमात, सिखेडा, सिंकदरपुर सिकरी, जौली, रतनपुरी, गोयला शामिल है।