हत्या के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच करती हुई।
- फोटो : अमर उजाला
मोहल्ले की युवती से बात करने की टशन को लेकर युवकों के दो गुटों में झगड़ा हो गया। मोहल्ला शिवपुरी निवासी शिवा (20) की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि उसका साथी रितिक घायल हो गया। मृतक के परिजनों ने जिला अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। शिवा तीन बहनों का इकलौता भाई था। वहीं पिता का भी रोकर बुरा हाल हो रहा है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शिवपुरी धानक बस्ती निवासी शिवा पटेलनगर में रामलीला देखने गया था। देर रात करीब साढ़े 11 बजे शिवा अपने दोस्तों के साथ घर के लिए चला। पटेलनगर में डाकघर के गेट के पास उनका कूकड़ा मंडी निवासी राजीव व उसके भाई हिमांशु आदि से झगड़ा हो गया।
आरोप है कि इस दौरान राजीव ने शिवा के पेट में चाकू मार दिया। रितिक भी हमले में घायल हो गया। मौके पर मौजूद अन्य युवकों ने शिवा व रितिक को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों से शिवा को मृत घोषित कर दिया। रितिक को रेफर कर दिया गया। बेटे की मौत की जानकारी पाकर परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। मृतक के पिता धर्मेंद्र ने दोनों सगे भाइयों सहित पांच-छह अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। घटना के बाद रात में ही एसएसपी, एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने मौका मुआयना किया।
सीओ ने बताया कि दोनों सगे भाइयों राजीव व हिमांशु को गिरफ़्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया कि शिवा के मोहल्ले की एक युवती राजीव से बात करती थी। यह बात शिवा आदि को पसंद नहीं थी। इसी टशन में यह घटना हुई। अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।