शाहपुर। प्रदेश की सीनियर महिला यूपी सर्किल कबड्डी टीम ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया है। जिले की खिलाड़ियों ने अच्छे खेल का प्रदर्शन किया। प्रदेश की सीनियर महिला यूपी सर्किल कबड्डी टीम के मैनेजर मास्टर रामपाल सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी में 30 नवंबर से आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तर की सीनियर महिला सर्किल कबड्डी प्रतियोगिता में कबड्डी टीम की खिलाड़ियों ने अपने पूल के मैच जीतने के बाद क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
क्वार्टर फाइनल में प्रदेश की टीम का मुकाबला हिमाचल प्रदेश की टीम के साथ हुआ, जिसमें प्रदेश की टीम ने 27 अंक प्राप्त कर हिमाचल प्रदेश की टीम को सात अंक से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। प्रदेश की टीम का सेमीफाइनल मैच पंजाब की टीम के साथ हुआ, जिसमें प्रदेश की टीम को पराजय का सामना करना पड़ा। इसके चलते प्रदेश की टीम प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर रही। हनु पवार, निकिता भारद्वाज, आरती ने बेहतर प्रदर्शन किया। प्रदेश कबड्डी संघ के महासचिव राजेश कुमार ने खिलाड़ियों की सराहना की।