कोतवाली में तहरीर लेकर पहुंची आंगनबॉड़ी कार्यक त्रियां
- फोटो : DEVBAND
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ की अभद्रता, सरकारी रिकार्ड फाड़ा
देवबंद (सहारनपुर)। दूधली गांव में बृहस्पतिवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की जांच को पहुंची टीम के सामने ही ग्राम प्रधान व विपक्षी गुट में हाथापाई हो गई। एक पक्ष के लोगों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता करते हुए सरकारी रिकार्ड को खुर्द-बुर्द कर दिया। वहीं, हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति नियंत्रण में कर जांच टीम को कड़ी सुरक्षा के बीच गांव से निकाला। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
गांव दूधली निवासी अमित सैनी ने आईजीआरएस पर शिकायत करते हुए आरोप लगाया था कि गांव के सरक ारी विद्यालय में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्यरत महिला कार्यकर्ता बच्चों के पौष्टिक आहार को गलत तरीके से बेच रही है। बृहस्पतिवार को मामले की जांच करने बाल विकास परियोजना अधिकारी नाहिद प्रवीण के नेतृत्व में टीम प्राथमिक विद्यालय स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर पहुंची। जहां शिकायतकर्ता अमित सैनी और ग्राम प्रधान कुलदीप सैनी पक्ष के बीच जांच प्रक्रिया को लेकर हंगामा हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर कुर्सियां उछालनी शुरू कर दी। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट भी हुई।
आरोप है कि एक पक्ष ने महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ भी अभद्रता करते हुए स्कूल में रखे सरकारी रिकार्ड को भी खुर्द-बुर्द करने का प्रयास किया। पुलिस भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत करते हुए स्थिति काबू में की। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को हिरासत में ले लिया, जिसे कोतवाली लाया गया। बाद में कोतवाली पहुंची बाल विकास परियोजना अधिकारी नाहिद प्रवीण और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने दो आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाल आनंद देव मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई माहौल खराब करने का प्रयास करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
दूधली में पहले भी हो चुका है हंगामा
देवबंद। दूधली के प्राथमिक विद्यालय में इससे पहले भी कई बार हंगामा हो चुका है। ग्रामीण अमित सैनी आंगनबाड़ी केंद्र की दो बार शिकायत कर चुके हैं। परंतु शिकायत के आधार पर हुई जांच में विभाग द्वारा दोनों बार ही संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को क्लीन चिट दी गई। जांच टीम की रिपोर्ट से असंतुष्ट अमित सैनी ने फिर से आईजीआरएस पर शिकायत डाली। ग्राम प्रधान कुलदीप सैनी का कहना है कि पूरा मामला चुनावी रंजिश का है। कुछ लोग बेवजह के आरोप लगा रहे हैं।