सिचाई विभाग के गेस्ट हाऊस पर स्कूल प्रबंधकों की बैठक लेते केंद्रीय मंत्री डॉ संजीव बालियान एवं व
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पैसे की इतनी ही भूख हो तो मैं भिजवा दूं
मुजफ्फरनगर। सिंचाई विभाग के डाक बंगले पर स्कूली वाहनों की समस्या को लेकर हुई बैठक में स्कूल संचालकों ने बताया कि नए वाहन के परमिट पर आरटीओ सहारनपुर 25 हजार रुपये लेते हैं। व्यवस्था ऑनलाइन है, लेकिन बिना पैसा दिए परमिट जारी नहीं होता है। इस पर बालियान ने आरटीओ को फोन मिलाकर पूछा कि पैसे की इतनी ही भूख हो तो मै भिजवा दूं। अब सप्ताह में एक दिन मुजफ्फरनगर में बैठकर परमिट जारी करें।
केंद्रीय पशुधन राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान ने आरटीओ सहारनपुर कपिल कुमार को सीधे फोन मिलाया और पूछा कि आपके कार्यालय में वाहन के परमिट जारी करने में 25 हजार रुपये किस नाम के लिए जा रहे हैं। आरटीओ ने सफाई दी कि सभी व्यवस्था ऑनलाइन है। बालियान ने कहा कि एक भी परमिट इस व्यवस्था के बाद भी बिना 25 हजार के जारी नहीं हुआ है। सभी स्कूल संचालक मेरे सामने हैं, जिन लोगों ने 25 हजार रुपये विभाग के लोगों को दिए उसी का परमिट जारी हुआ, जिसने नहीं दिए उसका जारी नहीं हुआ। तुम्हारी भूख इतनी ज्यादा बढ़ी है तो जल्दी ही जेल जाओगे। केंद्रीय राज्यमंत्री को आरटीओ ने इस मसले से ध्यान हटाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन उन्होंने साफ कह दिया कि अब परमिट पर किसी हालत में पैसे नहीं दिए जाएंगे। एक सप्ताह में एक दिन मुजफ्फरनगर में बैठकर परमिट जारी किए जाएं।
मंत्री को भैय्या बोलने पर गुस्साए विधायक
मुजफ्फरनगर। सिंचाई विभाग में बैठक के दौरान एआरटीओ राजीव बंसल ने जब कई बार केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान को भैय्या का संबोधन किया तो पास में बैठे विधायक उमेश मलिक ने उन्हें टोका। इस पर बंसल ने सॉरी किया और इसके बाद सर से संबोधन किया।