पुरकाजी में कोरोना को लेकर निरीक्षण करते एडीएमएफ ।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
सैनिटाइजर नहीं मिलने पर नाराजगी जताई
पुरकाजी। एडीएम वित्त आलोक कुमार ने कस्बे का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पुरकाजी पीएचसी पर पहुंचकर स्वास्थ्य कर्मियों को पीएचसी पर पूरी तरह सफाई रखने व मरीजों की सही तरीके से जांच करने और साबुन से हाथ धोने के निर्देश दिए। इसके उपरांत रोडवेज बस स्टैंड के अलावा मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया। मेडिकल स्टोरों पर उन्होंने सैनिटाइजर व मास्क रखने और उचित मूल्य पर ही उनकी बिक्री करने की हिदायत दी। उन्होंने कस्बे के संतोष अस्पताल के बाहर नंदनी मेडिकल स्टोर पर मास्क व सैनिटाइजर नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। इस अस्पताल संचालक बॉबी ने बताया कि स्टोर पर अस्पताल से संबंधित दवा ही रखी हुई है। मास्क की सुविधा अस्पताल के अंदर मौजूद है। इस दौरान एसीएमओ अरविंद पंवार, डॉ पूनम लता, ईओ मनोज यादव, एडीओ पंचायत योगेश त्यागी, समर काजमी आदि मौजूद रहे।
स्वस्थ रहने के लिए बार बार हाथ धोएं
पुरकाजी। एसएसपी के निर्देश पर सीओ सदर कुलदीप सिंह व प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार त्यागी द्वारा थाना प्रांगण में कोरोना वायरस से बचाव के संबंध में कर्मचारी एवं ग्राम प्रहरी की बैठक की गई। बैठक में कोरोना वायरस के रोकथाम हेतु जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें, बार बार हाथ धोएं। अगर बुखार व खांसी आदि की शिकायत होती है तो तुरंत चिकित्सक की सलाह लें। किसी भी आगंतुक के थाने आने पर उसके हाथ साबुन से हाथ धुलवाएं। उन्होंने पीआरवी गाड़ी, थाना मोबाइल, सभी चौकियों व प्रत्येक उप निरीक्षक को अपने पास सैनिटाइजर रखने के निर्देश दिए।