अंडरपास निर्माण के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
खतौली के गांव मढ़करीमपुर फाटक के पास रेलवे के अंडरपास का विरोध करते हुए ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों ने अंडरपास निर्माण के विरोध में फाटक पर हंगामा और प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने रेलवे को चेतावनी दी कि अगर निर्माण कार्य शुरू कराया गया तो इसके विरोध में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
सहारनपुर से लेकर मेरठ तक रेलवे लाइन का दोहरीकरण का कार्य चल रहा है। गांव मढ़करीमपुर फाटक पर अंडरपास निर्माण का कार्य शुरू कराया जा रहा है। अंडरपास का निर्माण फरीदाबाद की डायनेस्टी कंपनी की ओर से कराया जा रहा है। शुक्रवार को ग्रामीण एकत्र होकर फाटक पर पहुंचे और अंडरपास का निर्माण बंद करा दिया।
ग्रामीणों का कहना था कि जिस जगह पर अंडरपास का निर्माण कराया जा रहा है, उस जगह पर वाटरलेबिल बहुत कम है। इसलिए अंडरपास बनने से उसके अंदर पानी भर जाएगा। जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों का कहना था कि यहां पर अंडरपास कतई नहीं बनना चाहिए। सिर्फ फाटक ही होना चाहिए।
ग्रामीणों ने रेलवे को चेतावनी दी कि अगर अंडरपास निर्माण शुरू कराया गया तो इसके विरोध में आंदोलन किया जाएगा। कंपनी के इंजीनियर सुधीर कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की कंपनी के अधिकारियों से फोन पर बातचीत कराकर अवगत कराया गया है। अधिकारी शीघ्र ही ग्रामीणों से बातचीत कर समस्या का समाधान कराएंगे। इसके बाद ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इस दौरान जयवीर सिंह, धर्मेंद्र, विजयपाल सिंह, श्यामवीर, रणवीर, प्रकाश, विनोद आदि मौजूद रहे।