बेकाबू हो रहा संक्रमण, 56 नए मरीज मिले
मुजफ्फरनगर। शहर समेत जिले में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। फिर भी लोग लापरवाही बरत रहे हैं। भीड़ कम नहीं हो रही। सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं किया जा रहा है। यहां तक की मास्क भी नहीं लगा रहे हैं। शनिवार को 56 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें 18 महिलाएं, 34 पुरुष और चार बच्चे भी शामिल हैं। जिला सहकारी बैंक का एक अफसर भी पॉजिटिव है। शहरी क्षेत्र में सबसे अधिक 44 मरीज मिले है, जबकि देहात में 12 मरीज मिले। इनमें 43 मरीज संपर्क में आने से पॉजिटिव हुए हैं, जबकि 13 रैंडम जांच में मिले हैं। जिले में कोरोना के मरीजों संख्या बढ़ कर 229 पर पहुंच गई है।
सीएमओ डॉ एसके अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को 701 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आई, जिनमें से 38 नागरिक कोरोना पॉजिटिव आए। 18 मरीज एंटीजन टेस्ट और प्राईवेट लैब की जांच रिपोर्ट में कोरोना संक्रमित पाए गए। कुल 56 मरीजों में से सबसे अधिक शहरी क्षेत्र के मरीज शामिल है। भरतिया कालोनी में आठ, घेरखत्ती में पांच, लक्ष्मण विहार में चार, गांधी कालोनी में दो, गांधीनगर में दो, खटीकान में दो, वसुंधरा में दो, पुरकाजी में तीन, मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज के ब्वॉज हास्टल में तीन मेडिकल के छात्र, खेड़ी तगान में दो मरीज मिले हैं।
इनके अलावा काजीखेड़ा, कवाल जेल में एक बंदी, सिमरथी, धमात, सिविल लाइन, मोती महल, केवलपुरी, एसबीआई कालोनी, नई मंडी, आहाता ओलिया, लोहिया बाजार, कृष्णापुरी, सहावली, द्वारिकापुरी, सरवट आदि स्थानों पर भी मरीज मिले हैं। सीएमओ ने बताया कि तीस मरीजों को बेगराजपुर के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया है, बाकी को घरों में ही आइसोलेट किया गया है। शनिवार को 14 मरीज ठीक भी हुए, इसके बावजूद मरीजों की संख्या बढ़ कर 229 हो गई है। अभी तक 8996 मरीज मिल चुके है।
पुरकाजी में तीन और फलोदा में एक मरीज मिला
पुरकाजी। शनिवार को पुरकाजी पीएचसी पर 196 लोगों की कोरोना की जांच की गई। प्रभारी चिकित्सक डॉ अरुण कुमार ने बताया कि जांच में मोहल्ला बाजार खुर्द निवासी तीन लोगों की जांच कोरोना पॉजिटिव आई। जिनमें से एक 85 वर्षीय बुजुर्ग को बेगरजपुर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। जबकि 54 वर्षीय महिला और नौ वर्षीय बच्ची को उनके घर पर आइसोलेट कर दिया गया है। इसके अलावा गांव फलोदा निवासी एक युवती की तीन दिन पूर्व जांच हुई थी। उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आयी है। उसे भी उसके घर पर ही आइसोलेट कर दिया गया है। संवाद