देवबंद (सहारनपुर)। सहारनपुर-मुजफ्फनगर स्टेट हाईवे के किनारे अमरूद बेच रही एक बुजुर्ग महिला समेत तीन लोगों को देहरादून जा रही अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। पुलिस ने तीनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से तीनों को जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही वृद्ध महिला ने दम तोड़ दिया। इस हादसे के बाद कार खाई में पलट गई। चालक कार को छोड़ कर भाग गया। पुलिस ने कार में सवार दो मंगला मुखी को हिरासत में लिया है।
साखन गांव निवासी शहजाद (35) पुत्र इदरीश अपनी मां फुल्लो (60) के साथ रविवार को सहारनपुर मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे के किनारे फड़ी लगाकर अमरूद बेच रहा था। पास में ही शहजाद का 10 वर्षीय पुत्र आहद भी बैठा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर करीब 1.30 बजे देवबंद से देहरादून जा रही कार साखन नहर के समीप आकर अनियंत्रित हो गई और फड़ी व और वहां बैठे लोगों को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे खाई में पलट गई। इस हादसे में शहजाद, फुल्लो और आहद गंभीर घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही सीओ रजनीश उपाध्याय और प्रभारी निरीक्षक अशोक सोलंकी घटनास्थल पहुंचे। कार चालक फरार हो गया। जबकि कार में सवार दो मंगला मुखी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां नाजुक हालत के चलते तीनों को जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में फुल्लो की मौत हो गई। इसकी पुष्टि प्रभारी निरीक्षक अशोक सोलंकी ने की। उन्होंने बताया कार में से शराब की बदबू आ रही थी। इतना ही नहीं तलाशी दौरान कार से पुलिस को एक शराब की पेटी भी बरामद हुई है। कार सवार मंगला मुखी का मेडिकल कराया, लेकिन उनके द्वारा शराब पीने की मेडिकल में पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया मंगला मुखी ने देवबंद से देहरादून जाने के लिए कार किराये पर ली थी। हिरासत में लिए मंगला मुखी से पुलिस अभी पूछताछ कर रही है।
सड़क हादसे की लोगों से जानकारी लेती पुलिस- फोटो : DEVBAND
हादसे के बाद हाईवे पर एकत्र लोगों को हटवाती पुलिस- फोटो : DEVBAND
देवबंद में हाईवे पर सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर एकत्र लोगों की भीड़- फोटो : DEVBAND
हादसे के बाद खाई में पलटी कार को देखते लोग- फोटो : DEVBAND