देवबंद(सहारनपुर)। लोनी के भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर के कुर्बानी को लेकर दिए बयान पर उलमा ने सख्त नाराजगी का इजहार करते हुए इसे समाज में नफरत फैलाने वाला करार दिया। उलमा ने सरकार से विधायक के बयान का संज्ञान लेकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
जमीयत दावतुल मुसलीमीन के संरक्षक व प्रसिद्ध आलिम-ए-दीन मौलाना कारी इस्हाक गोरा ने विधायक नंदकिशोर गुर्जर के बयान की निंदा करते हुए इसे देश के अमन के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को कोई नहीं पूछता वे सुर्खियों में बने रहने के लिए इस प्रकार विवादित बयान देकर मुल्क में नफरत फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। कारी इस्हाक ने कहा कि सरकार को चाहिए कि वह विधायक के बयान का संज्ञान लेकर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करे। मदरसा जामिया शेखुल हिंद के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती असद कासमी का कहना है कि नंदकिशोर गुर्जर हमेशा विवादित बयानों के लिए चर्चाओं में रहते हैं, लेकिन अफसोस की बात यह है कि आज तक सरकार ने उन पर किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की। जिससे साफ हो जाता है कि वे किसके इशारे पर माहौल खराब करने वाले बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईदुल अजहा और कुर्बानी को लेकर नंदकिशोर ने जो बयान दिया है पहले वो इसके बारे में अच्छी तरह जानकारी कर लेते तो बेहतर होता। गौरतलब है कि विधायक नंदकिशोर ने ईदुल अजहा के मौके पर कुर्बानी करने वालों के खिलाफ न सिर्फ कार्रवाई करने की चेतावनी दी बल्कि यह भी कहा कि कुर्बानी अपनी किसी प्यारी चीज की देते हैं। यदि किसी को कुर्बानी देनी है तो वे अपने बच्चों की कुर्बानी दें। किसी कीमत पर मांस का सेवन नहीं होने दिया जाएगा।