खतौली में जानसठ तिराहे पर तहसीलदार को ज्ञापन देते सवर्ण समाज के लोग। संवाद
खतौली। यूजीसी नियमावली के विरोध में लोगों ने पैदल मार्च कर प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जानसठ तिराहे पर जाम लगा दिया। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया। करीब 15 मिनट बाद जाम खोला गया।
क्षेत्र के लोग बृहस्पतिवार को सहकारी गन्ना विकास समिति में इकट्ठा हुए। गन्ना समिति से लोग नारेबाजी करते हुए रेलवे ओवरब्रिज से होते हुए जानसठ तिराहे पर पहुंचे और जीटी रोड पर धरना देकर बैठ गए। करीब 15 मिनट जीटी रोड का यातायात बंद रहा।
इस दौरान सड़क के दोनों ओर तथा जानसठ मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोगों के बीच पहुंचे तहसीलदार अरविंद कुमार को भी उन्होंने अपने बीच बैठा लिया। इसके बाद उनको ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि यूजीसी के नए नियम सामान्य वर्ग के छात्र-छात्राओं के साथ भेदभावपूर्ण हैं और उनके हितों का शोषण करने वाले हैं।
ब्राह्मण समाज के लोगों ने धरातल पर नियमों की समीक्षा करने और सामान्य वर्ग के हितों को ध्यान में रखने की मांग की। रवा राजपूत समन्वय समिति सत्ताईसवाडा के अध्यक्ष मनोज चौहान, जिला पंचायत सदस्य तुषार चौहान, सुधीश पुंडीर, विनोद सठेडी, प्रवीण सिंह, प्रवेश लटूरे, देवेश शर्मा, भीम सिंह, राजकुमार, सौरभ शामिल रहे।
खतौली में जानसठ तिराहे पर तहसीलदार को ज्ञापन देते सवर्ण समाज के लोग। संवाद