मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून हाईवे बाइपास पर अलग-अलग हादसों में दो युवकों दिपांशु (19) व नीरज (38) की मौत हो गई। एक युवक अपनी मां व बहन के साथ जेल में बंद भाई से मिलाई व भैया दूज पर्व मनाकर स्कूटी पर घर जा रहा था। उसकी मां व बहन घायल हुई हैं।
हरिद्वार जनपद के थाना लक्सर के गांव रायसी निवासी दिपांशु का भाई दीपक एक युवती के मामले में पिछले छह माह से जिला जेल में बंद है। भाई से मिलाई व भैया दूज पर्व के मद्देनजर दिपांशु मां ममता व बहन पूजा के साथ जिला जेल में आया था। यहां से यह तीनों स्कूटी पर वापस जा रहे थे।
नई मंडी कोतवाली के बागोवाली पुलिस चौकी से चंद दूर वाहन को बचाने के प्रयास के दौरान स्कूटी फिसल गई। यह तीनों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आए सेना के टैंकर से युवक कुचला गया। उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मां-बेटी को जिला अस्पताल भिजवाया। एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने बताया कि सेना के ट्रक मेरठ की तरफ से उत्तराखंड जा रहे थे। थाना पुलिस ने टैंकर को पकड़ लिया है।
दूसरा हादसा हाइवे बाइपास पर पचैंडा पुल के पास हुआ। यहां जनपद मेरठ के थाना बहसूमा के गांव आस्सा निवासी नीरज पचैंडा से शहर में आने वाले लिंक रोड पर एक रिसोर्ट में मजदूरी करता था। दोपहर के समय वह सड़क पार कर कहीं जा रहा था। इसी दौरान रामपुर तिराहे की तरह से तेज गति से आए एक बड़े ट्रक ने उसे कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रक छोड़कर भाग गया।
सूचना पाकर पचैंडा व आसपास रहने वाले लोग एकत्र हो गए। लोगों ने उसकी पहचान कर पुलिस को बताया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम भी लग गया था। नई मंडी सीओ राजू कुमार साव ने बताया कि दोनों ही मामले मे तहरीर नहीं आई है।ी