भोपा (मुजफ्फरनगर)। गांव जौली में घर के बाहर खेल रहा दो साल का बच्चा तालाब में गिर गया, जिसकी डूबने से मौत हो गई। इकलौते बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
थाना क्षेत्र के गांव जौली निवासी कल्लू का दो साल का बेटा अल्फाज रविवार सुबह घर के बाहर खेल रहा था। कल्लू के घर के पास ही एक तालाब है। अल्फाज खेलते हुए उस तालाब तक जा पहुंचा। इसी दौरान पैर फिसलने के कारण तालाब में जा गिरा। किसी को नजर नहीं आने के कारण पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। करीब एक घंटे बाद तक भी मासूम के नहीं दिखने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, जिस पर वह तालाब में पड़ा मिला। मासूम का शव देख परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। परिजनों द्वारा किसी तरह की कानूनी कार्रवाई से इंकार किए जाने पर उसे गमगीन माहौल में सुपुर्दे-खाक कर दिया गया।