सड़क हादसों में दो किशोरों की मौत
मुजफ्फरनगर, सिसौली/मोरना। जनपद में बुधवार को हुए सड़क हादसों में दो किशोरों की मौत हो गई। मामले में एक किशोर के परिजनों ने कार्रवाई से इंकार कर शव को सुपुर्द ए-खाक कर दिया, जबकि दूसरे बच्चे के शव को पुलिस ने मोर्चरी भेज दिया।
भौराकलां क्षेत्र के कस्बा सिसौली निवासी रोहित ने कस्बे में ही रघुवंश धर्मकांटा लगाया हुआ है। इसके साथ ही वह बिल्डिंग मैटीरियल सप्लाई का काम भी करता है। बुधवार को रोहित ट्रैक्टर-ट्रॉली में डस्ट सप्लाई करने जा रहा था। इसी दौरान कस्बा निवासी बालेंद्र का 14 साल का बेटा सावन भी ट्रैक्टर-ट्राली पर चढ़कर बैठ गया। रास्ते में एक स्थान पर गड्ढे में अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली को झटका लगा, जिससे सावन नीचे गिर गया और ट्रॉली का पहिया ऊपर से उतरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही कश्यप समाज के लोग मौके पर जा पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने पुलिस को भी शव उठाने से रोक दिया। घंटों हंगामे के बाद पुलिस ने बमुश्किल लोगों को समझाबुझाकर शांत किया। इसके बाद शव को मोर्चरी भेज दिया गया। देर रात तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। उधर, मोरना-शुकतीर्थ मार्ग पर थ्रेसिंग मशीन पलटने से 14 साल के मासूम की उसके नीचे दबकर मौत हो गई। ककरौली थाना क्षेत्र के गांव चौरावाला निवासी मोहर्रम थ्रेसिंग मशीन पर मजदूरी करता है। बुधवार को वह अपने 14 साल के बेटे फैसल के साथ मजदूरी पर गया था। बुधवार दोपहर शुकतीर्थ से लौटते समय गांव इलाहाबास के निकट अचानक थ्रेशिंग मशीन बीच सड़क पर पलट गई, जिससे फैसल भारी-भरकम मशीन के नीचे दब गया। लोगों ने जैसे-तैसे कर मशीन हटाकर फैसल को उसके नीचे से निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने शव को गमगीन माहौल में दफना दिया।
बाइक फिसलने से युवक घायल
मीरापुर। कस्बे के घास मंडी निवासी अर्पित सिंघल बुधवार को बाइक से गांव संभलहेड़ा जा रहा था। जब वह पुलिस चौकी के पास पहुंचा तो किसी वाहन से बचने के प्रयास में उसकी बाइक फिसल गई। सड़क पर गिरने से अर्पित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जानसठ सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया है।