मुठभेड़ में दो गोवंश तस्कर दबोचे, एक को लगी गोली
मोरना (मुजफ्फरनगर)। ककरौली पुलिस ने जौली मार्ग पर हुई मुठभेड़ में दो गोवंश तस्करों सोनू और लियाकत को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक बदमाश सोनू पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से जीवित गोवंश के साथ ही कटान के उपकरण व तमंचे-कारतूस बरामद किए गए हैं।
ककरौली पुलिस ने शनिवार देर रात करीब दो बजे सूचना के आधार पर जौली मार्ग पर तेवड़ा पुलिया के निकट दबिश दी। थाना प्रभारी मुकेश सोलंकी ने बताया कि पुलिस टीम को देख वहां मौजूद बदमाशों ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिससे बचते हुए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें एक बदमाश पुलिस की गोली पैर में लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। मौके से जीवित गोवंश के साथ ही कटान के उपकरण बरामद किए गए। पकड़ा गया घायल बदमाश गांव जटवाड़ा निवासी सोनू और दूसरा बदमाश गांव तिस्सा निवासी लियाकत है। दोनों आरोपी शातिर गोतस्कर हैं। इनमें से घायल सोनू के खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।