मुजफ्फरनगर। पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद में समझौते के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पति सहित तीन लोगों को हिरासत में ले लिया, जिनका बाद में चालान कर दिया गया।
जानसठ कोतवाली क्षेत्र के गांव सलारपुर निवासी मेहरबान का निकाह अप्रैल-2018 में तितावी के गांव जसोई निवासी शाइस्ता से हुआ था। दोनों के एक बेटा भी है। करीब दो साल पूर्व मेहरबान को जानसठ पुलिस ने किसी मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जिसके बाद शाइस्ता मायके चली गई थी। इसके बाद मायके पक्ष ने शाइस्ता को ससुराल भेजने से इंकार करते हुए कोर्ट में मेहरबान के खिलाफ मुकदमे दर्ज करा दिए।
शुक्रवार को कचहरी परिसर में दोनों पक्षों के बीच समझौते के लिए वार्ता चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। हंगामे की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने आरोपी पति मेहरबान के साथ ही शाइस्ता पक्ष के गांव बुड़ीना खुर्द निवासी साजिद व गांव जसोई निवासी अहसान को हिरासत में ले लिया, जबकि अन्य लोग फरार हो गए। बाद में पुलिस ने तीनों आरोपियों का शांतिभंग की आशंका के तहत चालान कर दिया