मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में प्लॉट व मकान बेचने का झांसा देकर तीन आरोपियों ने दो लोगों से करीब 30 लाख रुपये की ठगी कर ली। दोनों मामलों में पीड़ितों ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।
जानसठ कोतवाली क्षेत्र के गांव तालड़ा निवासी मनीष कुमार ऐरन ने तहरीर देकर बताया कि कुछ समय पूर्व उन्होंने नई मंडी क्षेत्र में प्लॉट खरीदने के लिए भरतिया कॉलोनी निवासी जयवीर से संपर्क किया था। सौदा तय होने के बाद 19 लाख रुपये का भुगतान करने के बाद जमीन का बैनामा कर दिया गया। बाद में पता चला कि उक्त प्लॉट किसी अन्य व्यक्ति का है, जिसे जयवीर ने अपना बताकर कूटरचित दस्तावेजों से बैनामा कर रुपये हड़प लिए गए। मनीष ऐरन ने जब 19 लाख रुपये वापस मांगे, तो जयवीर ने धमकी देनी शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उधर, मोहल्ला गऊशाला नदी रोड निवासी हरीशचंद ने नई मंडी कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसने बचनसिंह कॉलोनी में एक मकान खरीदने के लिए अनूपा गुप्ता व सुधीर कुमार से संपर्क किया था। सौदा तय होने के बाद हरीशचंद ने आरोपियों को दस लाख 49 हजार रुपये दे दिए लेकिन बैनामा करने के लिए आरोपी टाल-मटोल करने लगे। काफी समय तक भी आरोपियों ने बैनामा नहीं किया तो पीड़ित ने दंपती से अपने रुपये मांगे, जिस पर उन्होंने धमकी देनी शुरू कर दी। पुलिस ने हरीशचंद की तहरीर पर आरोपी दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।