वॉलीबाल खेलने को लेकर दो पक्ष भिड़े
मुजफ्फरनगर, शाहपुर। गांव पलड़ी में मंगलवार शाम वॉलीबाल खेल रहे युवकों के दो गुट खेलने को लेकर आमने-सामने आ गए। मामूली कहासुनी के बाद हुई मारपीट में दोनों पक्षों के चार युवक घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कर घायलों को अस्पताल भेजकर उपचार दिलाया।
थाना क्षेत्र के गांव पलड़ी में मंगलवार शाम के समय कुछ युवक अपने खाली प्लॉट में वॉलीबाल खेल रहे थे। इसी दौरान गांव के ही कुछ युवक वहां पहुंचे और पहले से खेल रहे युवकों को उन्हें भी खिलाने के लिए कहा। इस पर पहले से खेल रहे युवकों ने उन्हें अपने साथ खिलाने से मना कर दिया, जिसे लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिनके बीच जमकर लाठी-डंडे व धारदार हथियार चलने से बखेड़ा हो गया। दोनों पक्षों के बीच हुए संघर्ष में चार युवक आलिम खान, वसीम खान, मतिउल्ला खान व नफीस खान घायल हो गए। संघर्ष की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को काबू कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद चारों घायलों को ले जाकर सीएचसी में उपचार दिलाया गया। मामले में देर रात तक कोई तहरीर नहीं दी गई थी।