युवती से बात करने पर दो पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
भौराकलां/सिसौली (मुजफ्फरनगर)। कस्बे में रविवार देर रात युवती से बात करने से खफा ग्रामीणों ने पीआरवी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी करते हुए जमकर हंगामा किया। सोमवार सुबह एसपी देहात ने कस्बे में पहुंचकर ग्रामीणों को समझाबुझाकर शांत किया। एसएसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर मामले की जांच सीओ फुगाना को दी है।
कस्बा सिसौली में रविवार देर रात डायल-112 की पीआरवी एक मोहल्ले में पहुंची थी, जहां पीआरवी पर तैनात दो पुलिसकर्मी घर के बाहर खड़ी एक युवती से बातें कर रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले केे लोग मौके पर जा पहुंचे और युवती व पुलिसकर्मियों को पकड़ लिया। आरोप है कि लड़की से बात करने से गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों पुलिसकर्मियों से बदसलूकी कर दी, जिससे हंगामा खड़ा हो गया। रात में ही एसओ भौराकलां वीरेंद्र कसाना टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और दोनों पुलिसकर्मियों को वहां से हटाया। सूचना पर सोमवार तड़के एसपी देहात नेेपाल सिंह मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे ग्रामीणों को समझाबुझाकर शांत किया। एसपी देहात की संस्तुति पर एसएसपी अभिषेक यादव ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर मामले को शांत किया। उल्लेखनीय है कि कसबे में एक महिला के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर कसबा सील है तथा पुलिस बल तैनात है। एसएसपी अभिषेक यादव का कहना है कि मामले में कई तरह की बातें निकलकर सामने आ रहीं हैं। दोनों पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी की जगह दूसरे स्थान पर मौजूद थे। ग्रामीणों की आपत्ति पर दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की जांच सीओ फुगाना सोमेंद्र सिंह नेगी को दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।