मुजफ्फरनगर में दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर मंसूरपुर में सड़क किनारे खड़े ट्रक से पिकअप गाड़ी टकरा गई और हादसे में पिकअप चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पिकअप चालक को नींद की झपकी आने की वजह से यह हादसा हुआ है।
विज्ञापन
बुधवार रात हुए इस हादसे में पिकअप चालक हनीफ (35) पुत्र रियाजुद्दीन निवासी चंडौस अलीगढ़ और उसके साथी नफीस (27) पुत्र सत्तार निवासी अलीगढ़ की मौत हो गई। ये दोनों हादसे के वक्त अलीगढ़ से पिकअप गाड़ी में पनीर लेकर ज्वालापुर हरिद्वार जा रहे थे।
बताया गया कि हादसा इतना जबरदस्त था कि पिकअप बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार हनीफ और सत्तार फंस गए। मंसूरपुर पुलिस ने दोनों घायलों को किसी तरह बाहर निकलवाया और उन्हें बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।