दुर्घटनाओं में युवक सहित दो लोगों की मौत
मोरना/ मीरापुर। सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई।
मोरना के पास चौरावाला गांव निवासी धीरेंद्र (35) शाम को सड़क पार कर रहा था, तभी कोई वाहन उसे टक्कर मार कर फरार हो गया। वह वहीं अचेत होकर गिर पड़ा। ग्रामीणों ने परिजनों को खबर दी। परिजनों ने पुलिस को बताया। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मीरापुर में दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर गांव शिवपुरी के निकट किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया।
शौकीन पुत्र रामचंद्र, निवासी इस्लामपुर, बिजनौर अपने साथी कपिल पुत्र नेपाल, निवासी निजामपुर के साथ बिजनौर से आ रहे थे। हाईवे पर ग्राम शिवपुरी के निकट विपरीत दिशा से आ रहे एक वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा। शौकीन के सिर में गंभीर चोट लगने के उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई तथा उसका साथी कपिल घायल हो गया, जिसे उपचार के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बाइक की टक्कर से वृद्ध जख्मी
मीरापुर। रामराज थाना क्षेत्र के ग्राम जीवनपुरी निवासी हुकुम सिंह किसी काम से ग्राम देवल आया हुआ था। वह दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर पहुंचा, तो विपरीत दिशा से आते तेज गति से आते हुए एक बाइक सवार ने हुकुम सिंह को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह हाईवे पर घायल होकर गिर पड़े। उसे प्राइवेट चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। बाइक सवार नरेंद्र पुत्र रामसिंह, ग्राम मलकपुर, निजामपुर, थाना मुरादाबाद को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।